भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने राजकोट में कमाल कर दिया। वह इस साल (2023) टीम इंडिया के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार ने राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शनिवार (सात जनवरी) को शानदार बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार ने 51 गेंदों पर 112 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात कर दी।
सूर्यकुमार ने 45 गेंदों पर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक ठोक दिया। इस पारी में सूर्या ने सात चौके और नौ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 219.61 का रहा। सूर्या ने पिछले साल इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शतक लगाया था। राजकोट में शतक लगाने के बाद उन्होंने शानदार अंदाज में जश्न मनाया। सूर्या ने बल्ले को हवा में लहराकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया और अक्षर पटेल के गले लगकर हंसने लगे। उनके लिए टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने भी खड़े होकर तालियां बजाईं।
इस पारी के साथ ही सूर्यकुमार ने भारत के लोकेश राहुल और पाकिस्तान के बाबर आजम सहित कई बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। ये दोनों बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में दो शतक लगा चुके हैं। वहीं, सूर्यकुमार यादव तीन बार यह कारनामा कर चुके हैं।
अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने के मामले में सूर्यकुमार से आगे सिर्फ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने भारत के लिए टी20 में चार शतक लगाए हैं और अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
टी20 क्रिकेट में अपने तीसरे शतक के साथ सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो की बराबरी कर ली है। ये दोनों बल्लेबाज भी अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में तीन शतक लगा चुके हैं। चेक गणराज्य के दवीजी ने भी अपने देश के लिए टी20 में तीन शतक लगाए हैं, लेकिन वह एसोसिएट टीम का हिस्सा हैं।
No comments:
Post a Comment